सड़क किनारे टूटे बिजली के तार की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत।
(गौर) बस्ती। गौर थाना क्षेत्र के मेहनिया गांव के पास बभनान अइला मार्ग पर घास काटने जा रहे एक बुजुर्ग की शनिवार की सुबह करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मेहनिया निवासी 70 वर्षीय राम गोविंद पुत्र धनराज सुबह मवेशियों के लिए चारा काटने जा रहे थे। जैसे ही वह बढ़या गांव के पास सड़क से उतरकर खेत की ओर बढ़े, वहीं जमीन पर टूटा पड़ा ग्यारह हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार उनके संपर्क में आ गया। तेज करंट की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस और विद्युत विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही से यह हादसा हुआ है, क्योंकि कई दिनों से तार नीचे लटक रहा था, जिसकी सूचना देने के बावजूद मरम्मत नहीं की गई। हादसे के बाद से गांव में शोक का माहौल है।



















