सरकारी अस्पताल में इलाज कराने आए मरीज बोले— मुफ्त दवा की जगह बाहर की दवाएं खरीदने को मजबूर हैं लोग
संवाददाता, बस्ती। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) विक्रमजोत में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल में उपचार कराने पहुंचे कुछ मरीजों ने आरोप लगाया है कि केंद्र पर उपलब्ध सरकारी दवाएं उन्हें नहीं दी जातीं, जबकि डॉक्टरों द्वारा अधिकांश दवाएं बाहर के मेडिकल स्टोरों से खरीदने के लिए लिखी जाती हैं।
मरीज रामनारायण और शिवमूरत ने बताया कि वे सरकारी अस्पताल इस उम्मीद से जाते हैं कि वहां योग्य डॉक्टरों द्वारा इलाज के साथ-साथ मुफ्त दवाएं भी उपलब्ध होंगी, लेकिन उन्हें अधिकांश दवाएं बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता होने के बावजूद बाहर की दवाएं लिखे जाने से गरीब मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।
मरीजों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में तैनात डॉ. अभिषेक सहाय, डॉ. दीपक शर्मा तथा अधीक्षक डॉ. अतुल सिंह के कार्यकाल में यह समस्या लगातार बनी हुई है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

