विकास के दावों पर सवाल : पैकोलिया ग्राम पंचायत में लाखों की घोटाले का आरोप

Sudhanshu Mishra
0

 



विक्रमजोत (बस्ती)। विकास कार्यों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाली ग्राम पंचायत पैकोलिया इस समय ग्रामीणों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के कारण चर्चा का विषय बनी हुई है। गांव के कई लोगों ने महिला ग्रामप्रधान कंचनलता पर पंचायत निधियों के दुरुपयोग और विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में विभिन्न मदों से लाखों रुपये खर्च किए जाने का दावा किया गया है, लेकिन वास्तविकता में उन कार्यों का कोई स्पष्ट प्रमाण धरातल पर दिखाई नहीं देता। गांव के रिंकू, मुन्ना, जितेंद्र और विनोद ने बताया कि कई विकास कार्य केवल सरकारी अभिलेखों में पूरे दिखाए गए हैं, जबकि मौके पर उनकी स्थिति अलग नजर आती है। उनका आरोप है कि गांव के विकास के लिए आई धनराशि का सही उपयोग नहीं किया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत क्षेत्र में सड़क, नाली, इंटरलॉकिंग और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए धन स्वीकृत हुआ था। लेकिन जिन कार्यों को पूरा दिखाया गया है, उनमें से कई या तो अधूरे हैं या फिर उनका कोई अस्तित्व ही नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि संबंधित विभाग द्वारा स्थलीय निरीक्षण कराया जाए तो वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।

गांव के लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से इस विषय को अधिकारियों के संज्ञान में लाने का प्रयास कर रहे हैं। उनका मानना है कि यदि सभी अभिलेखों, भुगतान विवरण और कार्यस्थलों की बारीकी से जांच की जाए तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि जांच किसी स्वतंत्र और निष्पक्ष एजेंसी से कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य गांवों का विकास करना है, लेकिन यदि योजनाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंचता तो इसका सीधा नुकसान ग्रामीणों को उठाना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द जांच शुरू कराई जाए।

फिलहाल पैकोलिया ग्राम पंचायत में उठे इस मुद्दे ने ग्रामीणों के बीच चर्चा का माहौल बना दिया है। अब सबकी निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस मामले में क्या कदम उठाता है और जांच के बाद क्या निष्कर्ष सामने आते हैं।

Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

To Top