दबंगों का तांडव : परिवार को मार – पीटकर मकान पर किया कब्जा, न्याय के लिए भटक रहा पीड़ित परिवार

Sudhanshu Mishra
0

  



बस्ती। छावनी थाना क्षेत्र के अमोढ़ा बाजार निवासी रणजीत गुप्ता ने कुछ लोगों पर दबंगई के बल पर उनके मकान पर जबरन कब्जा करने तथा परिवार के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपितों ने पहले उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, जिससे कई लोग घायल हो गए, और उसके बाद घर का सामान बाहर फेंककर मकान पर कब्जा कर लिया।

रणजीत गुप्ता के अनुसार घटना के बाद उन्होंने छावनी थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस द्वारा घायलों का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया है। इसके बावजूद अभी तक उन्हें अपने मकान का कब्जा वापस नहीं मिल सका है।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपित लगातार उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय और दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है। उनका कहना है कि न्याय की उम्मीद में वह विभिन्न अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

रणजीत गुप्ता ने प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि दबंगों के हौसले बुलंद हैं और प्रशासन की चुप्पी से उन्हें और उनके परिवार को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर मकान का कब्जा दिलाने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

वहीं, इस मामले में पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

To Top