बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र के हनुमानगंज चौकी के पास मुड़ाडीहा उर्फ भोपालपुर गांव में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बुर्का पहनी एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई, देखते ही देखते मौके पर हजारों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक यही युवती दो दिन पहले वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पड़िया चौराहे पर भी टावर पर चढ़ चुकी है. घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पुलिस टीम युवती को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने में जुटी रही।सवाल उठ रहे हैं कि प्रशासन के समझाने के बाद भी युवती बार-बार ऐसा क्यों कर रही है। लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने और दबाव बनाने के लिए अब लोग जान दांव पर लगाने लगे हैं। इस घटना से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है और बच्चों-युवाओं में गलत संदेश जा रहा है। पुलिस का कहना है कि युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है. पूरे मामले की जांच की जा रही है और युवती से पूछताछ के बाद ही वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे खतरनाक स्टंट से बचें अगर समय रहते सख्ती नहीं हुई तो यह ट्रेंड बन सकता है।

