बस्ती। जिले के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कैतहा उर्फ भवानीपुर गांव में होली के दिन एक युवक के तालाब में लापता होने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि 32 वर्षीय प्रदीप उर्फ करिया होली खेलने के बाद नहाने के लिए गांव के तालाब पर गया था। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने आशंका जताई है कि वह तालाब में डूब गया है। सूचना मिलते ही लालगंज सहित दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और तलाश अभियान शुरू कराया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



















