बस्ती। होली खेलने के बाद तालाब में नहाने उतरा युवक लापता हो गया। युवक को ढूढने तालाब में उतरे स्थानीय लोगों ने चार घंटे के बाद युवक का शव तालाब से बाहर निकाला जिसके बाद हड़कंप मच गया। घटना बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के कैतहा उर्फ भवानीपुर गांव की है जहां होली के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया। होली खेलने के बाद तालाब में नहाने गए 32 वर्षीय प्रदीप उर्फ करिया लापता हो गए। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में सर्च अभियान चलाया गया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद प्रदीप का शव तालाब से बरामद हुआ। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।



















