बस्ती। विक्रमजोत ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत पैकोलिया में विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये के गबन और अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने महिला ग्रामप्रधान कंचनलता पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में सड़क, नाली, खड़ंजा सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए सरकारी बजट निकाला गया, लेकिन धरातल पर कार्य दिखाई नहीं दे रहे हैं। गांव निवासी रिंकू, मुन्ना, जितेंद्र और विनोद ने बताया कि पंचायत में कई कार्य केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि गांव की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि पंचायत में हुए विकास कार्यों की सही तरीके से जांच कराई जाए तो बड़े घोटाले का खुलासा हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना कार्य कराए ही सरकारी धन का भुगतान किया गया है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पंचायत में कराए गए सभी विकास कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि जांच होने पर सरकारी धन की रिकवरी के साथ कई अनियमितताओं का खुलासा संभव है।
मामले को लेकर गांव में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में लंबे समय से भ्रष्टाचार हो रहा है, लेकिन अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी द्वारा कार्रवाई नहीं की गई।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और जांच के बाद क्या कार्रवाई सामने आती है।

