अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में गुरुवार को सरयू में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मण घाट चौकी अंतर्गत सरयू तट पर एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। जल पुलिस और स्थानीय पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। देर शाम तक तीनों युवकों की तलाश जारी रही। डूबने वालों की पहचान पुरानी बस्ती क्षेत्र निवासी अभिषेक कुमार सोनी, अमित गुप्ता और राज गुप्ता के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाने के दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए बाकी दो युवक आगे बढ़े, लेकिन तेज धारा की चपेट में आकर तीनों लापता हो गए। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद जल पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों और नावों की मदद से नदी में लगातार तलाश कराई जा रही है। इसी दौरान अमरोहा से आए दो श्रद्धालु भी नहाते समय डूबने लगे, लेकिन मौके पर तैनात जल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही एडीएम एफआर अमित भट्ट, अयोध्या कोतवाल पंकज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। सरयू तट पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

