बस्ती। जिले के छावनी थाना क्षेत्र के विठलापुर गांव के पास नहर के माइनर में सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में 40 वर्षीय अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने शव देखकर हत्या की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे गांव के लोग गेहूं की मड़ाई के लिए खेत की ओर गए थे, तभी नहर में एक शव दिखाई पड़ा। शव कमर तक बोरे में भरा हुआ था, जबकि पैर बाहर दिखाई दे रहे थे। सिर खून से सना होने के कारण मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के अकला गांव के दड़वापुर निवासी विनय वर्मा (40) के रूप में हुई, जो हरैया विकासखंड के बरगदवा माफी गांव में सफाईकर्मी के पद पर तैनात था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

