माझा इलाके में हुई मुठभेड़, प्रेमिका की हत्या का आरोपी मनदीप पुलिस की गोली से घायल

Sudhanshu Mishra
0



बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के माझा इलाके में शुक्रवार को पुलिस और हत्या के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। 12वीं की छात्रा अनुष्का की गोली मारकर हत्या करने वाला मुख्य आरोपी मनदीप पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी कई दिनों से फरार चल रहा था और सरयू नदी पार कर अंबेडकरनगर भागने की फिराक में था। सूचना मिलने पर कलवारी थाना पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से इलाके में घेराबंदी कर उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में हेड कांस्टेबल रविंदर सिंह के बाजू को छूते हुए गोली निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी मनदीप के पैर में गोली मारकर उसे घायल कर दिया और मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने कुछ दिन पहले कलवारी थाना क्षेत्र के बैडारी एहतमाली गांव में घर में घुसकर 12वीं की छात्रा अनुष्का को गोली मार दी थी। घटना के दौरान उसने छात्रा की मां पर भी फायर किया था, जो मिस हो गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

To Top