मंदिर में शादी कर प्रेमी-प्रेमिका SP के पास पहुंचे, बोले- हम एक साथ जीना चाहते है

Sudhanshu Mishra
0



 संवाददाता – प्रदीप शुक्ला

बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र में एक प्रेमी युगल ने सोमवार को हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। पांच साल से प्रेम संबंध में रहे इस युगल ने शादी के बाद अपनी सुरक्षा और कानूनी संरक्षण की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय का रुख किया।

युवती आंचल और युवक कृष्ण कुमार ने देवरिया के एक मंदिर में विवाह संपन्न किया। दोनों पिछले लगभग पांच वर्षों से प्रेम संबंध में थे। परिजनों की असहमति के कारण विवाह के बाद उन्हें विरोध और दबाव का सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते उन्होंने पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया।


पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया थाने में जारी है। युवक और युवती के बयान अलग-अलग दर्ज किए जा रहे हैं। बताया गया है कि युवती पक्ष की ओर से युवक पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे पूर्व, युगल ने सीओ सदर को अपनी मर्जी से विवाह करने का शपथ पत्र भी सौंपा था।

सीओ सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि युवक और युवती दोनों बालिग हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी मर्जी और आपसी सहमति से विवाह किया है। सीओ ने जानकारी दी कि इस संबंध में थाने से रिपोर्ट ली गई है। परिजनों द्वारा थाने में मौखिक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिस पर थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं

सीओ सदर ने यह भी स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि कोई व्यक्ति कानूनी दायरे में रहकर कोई निर्णय लेता है, तो उसे किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। पुलिस इस पूरे मामले पर कड़ी नजर रख रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

To Top