संवाददाता – प्रदीप शुक्ला
बस्ती। जिले के दुबौलिया और कलवारी थाना क्षेत्र से जुड़े एक प्रेम प्रसंग ने सामाजिक सहमति के साथ विवाह का रूप ले लिया। बीते दो वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम कर रहे युवक-युवती का विवाह महामाई मंदिर डेईडीहा परिसर में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ। बताया जा रहा है कि युवती दुबौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी है, जबकि युवक कलवारी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। लंबे समय से चले आ रहे प्रेम संबंध को लेकर दोनों परिवारों में बातचीत के बाद सहमति बनी, जिसके बाद परिजनों की रजामंदी से मंदिर परिसर को विवाह स्थल चुना गया। विवाह समारोह में दोनों ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों की मौजूदगी रही। उन्होंने नवदम्पती को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और शुभचिंतक उपस्थित रहे, जिन्होंने विवाह के साक्षी बनकर नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं।



















