बस्ती। डुहवा मिश्र स्थित राम मनोरथ राम मनोहर इंटर कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट–गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारम्भ किया।
अपने संबोधन में श्री पाण्डेय ने कहा कि स्काउट–गाइड केवल अनुशासन और सेवा भाव ही नहीं सिखाता, बल्कि सीमित संसाधनों में विषम परिस्थितियों से जूझने का रणकौशल भी विकसित करता है। यह प्रशिक्षण छात्रों के चरित्र निर्माण और सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। शिक्षा के साथ ऐसे व्यावहारिक प्रशिक्षण छात्र जीवन को मजबूत बनाते हैं।
इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रीती मौर्या सहित सभी प्रतिभागी छात्र–छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इससे पूर्व विद्यालय के संस्थापक/प्रबंधक सुरेन्द्र मिश्र ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
समारोह में वरिष्ठ शिक्षक बलराम मौर्य, अंकुश चौहान, वरिष्ठ शिक्षिका बबिता पाण्डेय, गोविंद द्विवेदी, कन्हैया लाल तिवारी, दिलीप पाण्डेय, अम्ब्रीश मिश्र, राजीव पाण्डेय, श्रुति अग्रहरी सहित बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।




















