लखनऊ। कड़ाके की ठंड को देखते हुए जीवन ज्योति सेवा संस्था द्वारा दिनांक 26 दिसंबर 2025 को कंबल वितरण सेवा कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय कार्यालय कल्याणपुर, लखनऊ में किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जरूरतमंद, गरीब एवं असहाय बुजुर्गों को ठंड से राहत पहुँचाने के उद्देश्य से कंबल वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों ने भाग लिया। संस्था के इस मानवीय प्रयास से लाभार्थियों के चेहरों पर संतोष और राहत की झलक दिखाई दी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सर्दी के मौसम में उन लोगों तक सहायता पहुँचाना था, जो सीमित संसाधनों के कारण ठंड से सबसे अधिक प्रभावित होते हैं।
इस सेवा कार्यक्रम का आयोजन श्री वीरेन्द्र अमरनाथ मित्तल (मुंबई), श्री रमेश चंद्र अम्बा, बेंगलुरू एवं श्री अमित शुक्ला (लखनऊ) के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम के दौरान जीवन ज्योति सेवा संस्था की निदेशक एवं प्रधान कार्यालय, दिल्ली की प्रतिनिधि श्रीमती प्रतिमा पाठक तथा राष्ट्रीय महासचिव श्री टी.एन. द्विवेदी ने स्वयं उपस्थित रहकर जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए और उनका कुशलक्षेम जाना।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुँचाना ही संस्था का मूल उद्देश्य है। जीवन ज्योति सेवा संस्था द्वारा समय-समय पर देश के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, वृद्ध सेवा एवं राहत कार्यों से जुड़े अनेक सामाजिक कार्यक्रम संचालित किए जाते रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्यरूप से मनोज गुप्ता , डा राम प्रकाश गुप्ता, डा सौरभ श्रीवास्तव, सुनील, अजय, पान सिंह, डा शैलेन्द्र प्रताप सिंह, डा सन्त प्रसाद मौर्या, श्याम नारायण श्रीवास्तव और संस्था के कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। सभी ने संस्था के इस सामाजिक प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंत में संस्था की निदेशक श्रीमती प्रतिमा पाठक ने सभी समाजसेवियों, दानदाताओं एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन ज्योति सेवा संस्था भविष्य में भी जरूरतमंदों की सेवा के लिए इसी प्रतिबद्धता, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर निरंतर जारी रखेगी।



















