संवाददाता – प्रदीप शुक्ला
बस्ती। सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी का आरोप, AIMIM जिलाध्यक्ष के खिलाफ रोष, दक्षिण दरवाजा पुलिस चौकी पर विश्व हिंदू महासंघ का प्रदर्शन
बस्ती जनपद में उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब AIMIM पार्टी के जिलाध्यक्ष अशफरुल हक उर्फ़ प्रिंस द्वारा सोशल मीडिया पर लाइव आकर विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारी जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया। इस टिप्पणी के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी रोष फैल गया।
आरोप है कि AIMIM जिलाध्यक्ष ने लाइव वीडियो के माध्यम से आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, जिससे धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत हुईं। इसी को लेकर विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने दक्षिण दरवाजा पुलिस चौकी के सामने जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया जैसे सार्वजनिक मंच पर इस तरह की बयानबाजी समाज में वैमनस्य फैलाने का काम करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से संवाद किया।
एडिशनल एसपी का बयान :–
एडिशनल पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने कहा कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी का संज्ञान लिया गया है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर जांच जारी है और पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।



















