उत्कृष्ट प्रदर्शन पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना को मिला प्रशस्ति पत्र
संतकबीरनगर। माह सितम्बर 2025 की रैंकिंग में जनपद संतकबीरनगर ने एक और उपलब्धि अपने नाम की है। तकनीकी सेवाएं मुख्यालय लखनऊ द्वारा संचालित सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) योजना के प्रगति डैशबोर्ड में जनपद को उत्तर प्रदेश में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
अपर पुलिस महानिदेशक, तकनीकी सेवाएं, मुख्यालय लखनऊ द्वारा इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना, अपर पुलिस अधीक्षक एवं सीसीटीएनएस नोडल अधिकारी सुशील कुमार सिंह, तथा सीसीटीएनएस डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अहमद रजा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सीसीटीएनएस योजना के अंतर्गत सितंबर माह में जनपद संतकबीरनगर ने प्रदेश स्तर पर ही नहीं, बल्कि जोन गोरखपुर व रेंज बस्ती में भी प्रथम स्थान हासिल किया। साथ ही ICJS (Interoperable Criminal Justice System) पोर्टल पर भी लॉगिन और यूसेज के मामले में जनपद को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
इस उपलब्धि का श्रेय पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के कुशल मार्गदर्शन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा सीसीटीएनएस डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अहमद रजा के अथक परिश्रम को दिया जा रहा है।
गौरतलब है कि सीसीटीएनएस के परफॉर्मेंस का डाटा प्रत्येक माह एनसीआरबी को भेजा जाता है, जिसे प्रगति डैशबोर्ड के रूप में केंद्रीय स्तर पर मॉनीटर किया जाता है। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर द्वारा इस योजना की रैंकिंग में निरंतर सुधार के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं।



















