BASTI : भटके मासूम को लालगंज पुलिस ने तीन घंटे में परिजनों से मिलवाया।
संवाददाता – रामप्रीत वरुण।
बस्ती। मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए थाना लालगंज पुलिस ने गुरुवार को रास्ता भटककर करीब पाँच किलोमीटर दूर पहुँचे तीन वर्षीय बालक को तीन घंटे के अंदर सकुशल परिजनों से मिलवा दिया।
जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर की शाम लगभग 5 बजे महादेवा चौकी क्षेत्र में महादेवा चौराहे के पास एक मासूम बच्चा अकेले घूमता पाया गया। बच्चे के साथ कोई अभिभावक मौजूद न होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। चौकी महादेवा पुलिस टीम मौके पर पहुँची और बच्चे से पूछताछ की, लेकिन वह अपनी पहचान बताने में असमर्थ रहा।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आमजन संपर्क, सोशल मीडिया और मुखबिरों की मदद ली। करीब 8 बजे बच्चे के परिजनों का पता चला। मालूम हुआ कि बच्चा बघीरा पुत्र गुलटेनी निवासी बसडिला पाण्डेय, थाना तुर्कपट्टी, जनपद कुशीनगर का है। वह 15 दिन पहले अपने फूफा बल्लू पुत्र सफी मोहम्मद निवासी नेवारी, थाना लालगंज आया था और खेलते-खेलते रास्ता भटक गया था।
पुलिस ने परिजनों को चौकी महादेवा बुलाकर नियमानुसार बच्चे को सुरक्षित सुपुर्द किया। मासूम को पाकर परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने लालगंज पुलिस टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए आभार जताया।

