सड़क हादसे में महिला की मौत।
हर्रैया (बस्ती)। हर्रैया थाना क्षेत्र के बड़हर कला पेट्रोल पंप के पास मंगलवार की शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। घटना में बाइक चालक बाल-बाल बच गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बैहार गांव निवासी रोहित उर्फ हरिशंकर मौर्या देवरिया जिले में 108 एंबुलेंस चलाते हैं। उनकी पत्नी विद्यावती मौर्या (46) मंगलवार को पड़ोस की महिला के साथ किसी काम से रिश्तेदारी में छावनी थाना क्षेत्र के मलौली गांव गई थी। उस महिला के मलौली में रुक जाने की वजह से एक लड़के साथ बाइक से लौट रही थीं। लगभग 5:15 बजे अयोध्या-बस्ती मार्ग पर बड़हर कला पेट्रोल पम्प के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। विद्यावती सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर चोट लगने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
वहीं बाइक सवार युवक भीम मौर्या, निवासी फरेंदा सेंगर थाना कप्तानगंज, बाल-बाल बच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जिंदा होने की आशा में विद्यावती को एम्बुलेंस से सीएचसी हर्रैया ले जाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के अचानक निधन से उनके पति रोहित सहित बेटा विवेक, सचिन और बेटियां दीपिका व बाला गहरे सदमे में हैं। बैंहार गाँव में मातम का माहौल है। हर्रैया थाना के प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश जारी है।

