शिव सेना ने किया क्षतिग्रस्त सड़कों के मरम्मत और घास-फूस हटवाने की मांग
बस्ती। गुरुवार को शिव सेना के प्रदेश सचिव संजय प्रधान के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। इसमें मांग की गई कि बस्ती–महुली मार्ग, महादेवा–कुदरहा मार्ग सहित जिले की प्रमुख सड़कों और संपर्क मार्गों से जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए। साथ ही बरसात में सड़कों के दोनों किनारों पर उग आए घास-फूस को अभियान चलाकर साफ कराया जाए।
ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदेश सचिव संजय प्रधान ने कहा कि जिले की अनेक सड़कों, विशेषकर बस्ती–महुली मार्ग पर महसो कस्बे में लंबे समय से जल जमाव की समस्या बनी हुई है। इसके कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। व्यापारियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और स्कूली बच्चे आए दिन चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क के दोनों ओर उगे घास-फूस के कारण रात्रि के समय दुर्घटनाओं की संभावना और अधिक बढ़ जाती है। इसके चलते आवारा पशु और जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि जिले की कई सड़कों पर गड्ढे और टूट-फूट की स्थिति बनी हुई है, इसलिए जनहित में तत्काल प्रभाव से क्षतिग्रस्त सडकों की मरम्मत कराई जानी चाहिए।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से नर नारायण पाल, राघवेन्द्र प्रताप, राधेश्याम शुक्ल, अंकित कुमार, नागेन्द्र मिश्र, प्रतीक मिश्र, प्रशान्त मिश्र समेत अनेक शिव सैनिक शामिल रहे।

