बस्ती। जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के कलवारी में स्थित सरला गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने बुधवार सुबह करीब 9 बजे राम-जानकी मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। रामजानकी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप था कि गैस बुक कराने के बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। कई दिनों से चक्कर लगाने के बाद भी समस्या का समाधान न होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
सूचना मिलते ही कलवारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया और जाम समाप्त कराया। इसके बाद यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी। पुलिस ने संबंधित एजेंसी से भी समस्या के समाधान के निर्देश दिए हैं।

