हर्रैया(बस्ती)। रविवार शाम करीब 8:30 बजे हर्रैया थाना क्षेत्र अंतर्गत विशाल नर्सिंग होम के सामने हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। गोरखपुर से अयोध्या जा रहा एक ट्रक अचानक टायर फटने से अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चला गया और अयोध्या से गोरखपुर की ओर आ रहे ट्रक से आमने-सामने टकरा गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के परखच्चे उड़ गए और केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक के नीचे दबकर एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में बनारसी (55) पुत्र ब्रह्मचारी, निवासी लक्ष्मीपुर, तमकुहीराज, जिला कुशीनगर तथा ट्रक चालक श्रीराम (36) पुत्र कर्म सिंह, निवासी काशीनगर, थाना प्रेमनगर, जिला झांसी तथा सहचालक नीतू प्रजापति सहित तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया लाया गया, जहां से बनारसी और श्रीराम को हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल बस्ती के लिए रेफर कर दिया गया, जबकि एक अन्य घायल का इलाज विशाल नर्सिंग होम में कराया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर हर्रैया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। क्षेत्राधिकारी स्वर्णिमा सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।




















