खलीलाबाद में व्यापारी के प्रतिष्ठान में चोरी की वारदात से फैली सनसनी, पुलिस ने शुरू की जांच
संवाददाता – रामप्रीत वरुण
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के गोलाबाजार शहर स्थित सरदार कॉलोनी में बीती रात चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे डाली। अज्ञात चोरों ने छाबड़ा शू हाउस में धावा बोलकर लगभग पचास हजार रुपये नकद, डीवीआर और जरूरी दस्तावेजों से भरा पर्स पार कर दिया। इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत और आक्रोश दोनों व्याप्त हैं।
— ताला टूटा देख सन्न रह गए व्यापारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेन्द्र पाल सिंह पुत्र स्व. पूरन सिंह, निवासी मोहल्ला शास्त्रीनगर, खलीलाबाद की सरदार कॉलोनी में स्थित छाबड़ा शू हाउस नामक जूते-चप्पलों की दुकान है।
शुक्रवार 7 नवंबर की सुबह जब वह दुकान पहुंचे तो देखा कि गल्ले का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर पता चला कि गल्ले से करीब पचास हजार रुपये नकद, दुकान में लगा डीवीआर और एक पर्स जिसमें जरूरी कागजात थे, सभी गायब हैं।
— निर्माणाधीन इमारत की बांस बल्ली का लिया सहारा
व्यापारी ने बताया कि चोरों ने दुकान के बाहर निर्माणाधीन कार्य हेतु लगी बांस बल्ली पर चढ़कर ऊपर के रास्ते एक लकड़ी का दरवाजा तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और पूरी वारदात को अंजाम दिया। चोरी का अंदेशा होते ही व्यापारी ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
— कोतवाल ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण
घटना की जानकारी पाते ही कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौका-मुआयना करते हुए जांच-पड़ताल शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के निर्देश दिए ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके।
— व्यापारियों में आक्रोश,पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग
इस चोरी की वारदात से व्यापारिक समुदाय में गहरा आक्रोश है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की जाए और चोरी गया सामान बरामद किया जाए।
— मुकदमा दर्ज, पुलिस जुटी जांच में
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम विभिन्न संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है और फुटेज के आधार पर जल्द खुलासा किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।



















