प्रधान पर खंडजे की ईंटों के दुरुपयोग का आरोप, जांच की मांग।

Sudhanshu Mishra
0

 



संतकबीरनगर। ग्राम सभा अमरडोभा में खंडजे की ईंटों को उखाड़कर खेल मैदान निर्माण में प्रयोग किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम सभा अमरडोभा के क्षेत्र पंचायत सदस्य विमल कुमार पुत्र आत्माराम ने जिलाधिकारी संतकबीरनगर को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई है।

प्रार्थी ने बताया कि खेल मैदान से लेकर कर्मी टोला तक बने खंडजे की ईंटें दो वर्ष पूर्व ग्राम प्रधान द्वारा उखाड़कर बगल में बन रहे खेल मैदान में प्रयोग कर ली गई थीं। इस संबंध में उन्होंने 30 जुलाई 2025 को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। जांच अधिकारी ने मौके पर ईंटों की अनुपस्थिति की पुष्टि करते हुए प्रधान को नोटिस जारी किया था, लेकिन प्रधान ने कोई आख्या प्रस्तुत नहीं की।

बाद में ग्रामवासी अनिल चौधरी ने पुनः प्रार्थना पत्र देकर ईंटों के खेल मैदान में प्रयोग किए जाने की पुष्टि की, जिसके बाद प्रधान ने जवाब में आरोप लगाया कि क्षेत्र पंचायत सदस्य विमल कुमार और अनिल चौधरी ने स्वयं ईंटें अपने घर ले गए थे। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह आरोप झूठा और भ्रामक है। उन्होंने जांच अधिकारी पर बिना उचित जांच किए रिपोर्ट लगाने का आरोप लगाया है।

विमल कुमार ने मांग की है कि टी.ए.सी. टीम के उच्च अधिकारी मौके पर जाकर उनके घर तथा खेल मैदान में प्रयुक्त ईंटों की जांच करें, ताकि सच्चाई सामने आ सके और ग्राम सभा के हित में उचित कार्रवाई की जा सके।

Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

To Top