BASTI : पाऊं में व्यवसायी को हॉकी से पीटा, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।
कलवारी (बस्ती)। कलवारी थाना क्षेत्र के पाऊं मोड़ के पास एक व्यवसायी को हॉकी से पीटने का मामला सामने आया है। घायल व्यवसायी की शिकायत पर कलवारी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, एक्सडा निवासी रमेश कुमार गायघाट पुलिस चौकी के सामने रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं। बीती रात जब वे दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे, तो राम जानकी मार्ग पर पाऊं मोड़ के पास कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी रोक ली।
युवकों ने उन्हें गाड़ी से खींचकर हॉकी डंडों से पीटा, जिससे उनके सिर और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। हमलावर उन्हें घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।
व्यवसायी रमेश कुमार ने बताया कि दो दिन पहले रूदऊपुर निवासी श्रवण और सचिन उनकी दुकान पर जूते खरीदने को लेकर विवाद कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हीं दोनों ने अपने दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उन पर हॉकी से हमला किया।
इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष कलवारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घायल रमेश कुमार की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

