BASTI : मुश्किल घड़ी में पुलिस बनी सहारा, भटकी तीन किशोरियों को सुरक्षित लौटाया घर।
बस्ती। थाना पैकोलिया पुलिस ने मानवता और जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए तीन लापता किशोरियों को सुरक्षित खोजकर परिजनों को सौंप दिया। घटना 28 सितम्बर की शाम की है, जब कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि ग्राम मुस्लिम पैकोलिया की तीन लड़कियाँ घर से लापता हैं और किसी अनहोनी की आशंका है।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पैकोलिया ने तुरंत टीम गठित कर खोजबीन शुरू कर दी। इस दौरान कैकसा (14) घर लौटती मिली जिसे पुलिस ने सुरक्षित संरक्षण में लिया। पूछताछ से पता चला कि बाकी दो लड़कियाँ मुंबई जाने की योजना बना चुकी हैं। इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से मोबाइल लोकेशन खंगाली और देर रात बभनान रेलवे स्टेशन से सन्नो (22) और सुनीता (15) को बरामद कर लिया।
पुलिस को देखते ही दोनों किशोरियाँ रो पड़ीं। उन्होंने गरीबी और परेशानियों के चलते घर छोड़ने की बात स्वीकार की। दोनों ने बताया कि पढ़ाई का अवसर न मिलने और आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने मुंबई जाने की सोची थी। पुलिस ने न सिर्फ उन्हें समझाया बल्कि राहत के तौर पर भोजन और आवश्यक वस्तुएँ भी उपलब्ध कराईं। साथ ही तत्काल आर्थिक सहयोग करते हुए आश्वासन दिया कि प्रशासनिक स्तर पर भी परिवार की मदद और पुनर्वास का प्रयास कराया जाएगा।
इस मानवीय पहल से क्षेत्र में पुलिस की सराहना हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उस रात पुलिस ने केवल कानून की रखवाली ही नहीं की, बल्कि माँ-बाप बनकर बच्चियों को नया विश्वास और सुरक्षा का सहारा दिया।



















