BASTI : मिशन शक्ति फेज-5.0 : छात्राओं का महिला थाना भ्रमण, दी गई सुरक्षा संबंधी जानकारी।
संवाददाता – रामप्रीत वरुण।
बस्ती। मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत महिला थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. शालिनी सिंह ने बस्ती जनपद के बेगम गैर गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं को जागरूक किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में छात्राओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इसके बाद SHO महिला थाना ने छात्राओं को मिशन शक्ति केंद्र में कार्यरत स्टाफ से परिचित कराया तथा केंद्र से जुड़ी विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली समझाई।
छात्राओं को हेल्प डेस्क, मालखाना, CCTNS, IGRS पोर्टल और समस्त रजिस्टरों की जानकारी विस्तार से दी गई। उन्हें बॉडी प्रोटेक्शन जैकेट, हेलमेट और डंडा भी दिखाया गया और दंगा नियंत्रण के दौरान सुरक्षा उपायों की जानकारी प्रदान की गई।
महिला थाना प्रभारी डॉ. शालिनी सिंह ने छात्राओं से संवाद करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसी के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं महिलाओं के विरुद्ध अपराध की रोकथाम पर विशेष बल दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को महिला सुरक्षा योजना के तहत जारी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी गई—
वूमेन पावर लाइन – 1090
महिला हेल्पलाइन – 181
पुलिस आपातकालीन सेवा – 112
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन – 1076
चाइल्ड हेल्पलाइन – 1098
साथ ही थाना स्थानीय का सीयूजी नंबर भी साझा किया गया। SHO ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि पुलिस सदैव उनकी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और आपात स्थिति में इन नंबरों का तुरंत उपयोग करना चाहिए।
अंत में छात्राओं को शक्ति मिशन पम्पलेट वितरित किए गए और महिलाओं से संबंधित अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर श्यामा पाठक, सुमन यादव, पल्लवी राव, रानी सिंह, उर्मिला यादव सहित महिला आरक्षियों ने छात्राओं का स्वागत कर उन्हें सहयोग प्रदान किया।

