BASTI : अपने-अपने क्षेत्रों में चौपाल लगाकर महिलाओं और बच्चियों को जागरूक करें-जिलाधिकारी।
संवाददाता – रामप्रीत वरुण
नगर बाजार (बस्ती)। शनिवार को थाना नगर परिसर में मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत निर्मित महिला शक्ति केंद्र का उद्घाटन जिलाधिकारी रवीश कुमार गुप्ता व पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी व थानाध्यक्ष नगर विश्व मोहन राय सहित थाना नगर के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान थाना क्षेत्र की विभिन्न विद्यालयों से आईं छात्राओं व महिलाओं को मिशन शक्ति अभियान के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें थाना परिसर का भ्रमण कराते हुए थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, कारागार, महिला शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, महिला हेल्प डेस्क व विवेचना कक्ष आदि की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के चौकीदारों को मिशन शक्ति अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उनसे कहा गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में चौपाल लगाकर महिलाओं और बच्चियों को जागरूक करें तथा किसी भी घटना की सूचना तुरंत बीट पुलिस अधिकारी को दें। चौकीदारों को जन्म से लेकर विवाह तक लाभ देने वाली विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके साथ ही थाना समाधान दिवस पर विभिन्न गांवों से आए फरियादियों की शिकायतों को जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से सुना और तत्काल निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस विभाग को आवश्यक निर्देश दिए।
इस मौके पर थाना नगर के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, राजस्व विभाग के अधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

